Tuesday, October 20th, 2026

सुष्मिता देव ने नहीं दिया पार्टी से इस्तीफा: कांग्रेस  

दिसपूर
 असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव के पार्टी से इस्तीफा देने की खबरों पर अब विराम लग चुका है। शनिवार को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। बता दें कि कांग्रेस कमेटी का यह स्पष्टीकरण कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई की उस टिप्पणी के बाद आया है जो उन्होंने सुष्मिता देव के इस्तीफे की खबरों पर की थी। आपको बता दें कि कई रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा था कि असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस का प्रमुख चेहरा और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

इतना ही नहीं इन खबरों पर असम के नागांव से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने भी टिप्पणी करते हुए शनिवार को कहा कि वह (सुष्मिता देव) हमारे साथ बहुत समय तक रहीं, वह कांग्रेस का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, वह हमारी पार्टी की एक बहुत सम्मानित नेता हैं। ऐसे दावे किए जा रहे थे कि सुष्मिता देव असम के कछार क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी और AIUDF के बीच सीट बंटवारे की व्यवस्था से नाखुश थीं। उन्हें ऐसा प्रतित हो रहा था कि वह पार्टी से दरकिनार की जा रहीं हैं। हालांकि कांग्रेस ने अपने एक बयान में कहा कि सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है, जो भी समस्या है उसे जल्द निपटा लिया जाएगा। बता दें कि चुनाव आयोग के मुताबिक असम में तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में असम में 47 सीटों पर 29 मार्च को चुनाव होने हैं, वहीं दूसरे चरण में 39 सीटों पर एक अप्रैल को चुनाव होने हैं। तीसरे चरण में 40 सीटों पर 6 अप्रैल को चुनाव हैं। चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे। असम में विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं। 

 

#कांग्रेस  

Source : Agency

पाठको की राय